पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने आज नादौन विधानसभा क्षेत्र के पंसाई गांव में "एक से श्रेष्ठ" कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ग्रामीण स्तर की निःशुल्क आधुनिक कक्षा कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय प्रयास है।
उन्होंने कहा कि माननीय सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में Act to Transform संस्था द्वारा संचालित यह अभियान ग्रामीण बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे प्रयास बच्चों को नई सोच, आधुनिक शिक्षा और बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
विजय अग्निहोत्री ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। यदि गांवों के बच्चों को भी समान अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध हों, तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने संस्था के सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को ऐसे प्रयासों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि "एक से श्रेष्ठ" जैसे कार्यक्रम आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनेंगे और ग्रामीण भारत के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देंगे।
"हमारा संकल्प, हमारा प्रयास — सबको शिक्षा, सबका विकास।"