बंगाल में भाजपा की प्रचंड विजय सोनार बांग्ला का सूर्योदय : अनुराग सिंह ठाकुर

बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की प्रचंड जीत मोदी पर बढ़ते भरोसे का प्रमाण गंगोत्री से गंगासागर तक कमल निशान, भगवा पहचान

बंगाल में भाजपा की प्रचंड विजय सोनार बांग्ला का सूर्योदय : अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर जनता के लगातार बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल कर देश की राजनीति में नया अध्याय लिखा है। यह विजय भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण, संगठनात्मक क्षमता और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को जन-जन तक पहुंचाया है, जिसके कारण जनता ने भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत सोनार बांग्ला के सुनहरे भविष्य का सूर्योदय है, जहां भय और हिंसा की राजनीति पर लोकतंत्र और जनविश्वास की जीत हुई है। बंगाल की जनता ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और माफियाराज को नकारते हुए विकास और सुशासन का रास्ता चुना है। यह जनादेश स्पष्ट संदेश देता है कि जनता अब बदलाव चाहती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए बंगाल का निर्माण देखना चाहती है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि बंगाल अब ममता सरकार के माफियाराज और राजनीतिक हिंसा से मुक्त होकर विकास, निवेश, रोजगार और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ेगा। भाजपा की डबल इंजन सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार, युवाओं के अवसर, महिलाओं की सुरक्षा और गरीब कल्याण के लिए तेजी से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और स्वामी विवेकानंद के सपनों का समृद्ध, सांस्कृतिक और आत्मनिर्भर बंगाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा बंगाल की संस्कृति, बंगाली अस्मिता और राष्ट्रीय गौरव को सहेजने तथा राज्य को नई पहचान देने का कार्य करेगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह विजय उन हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं को समर्पित है जिन्होंने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा, धमकियों और अत्याचारों के बावजूद लोकतंत्र की लड़ाई जारी रखी। अनेक कार्यकर्ताओं ने पार्टी और विचारधारा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा योजनाबद्ध तरीके से बंगाल को घुसपैठ और अवैध गतिविधियों से मुक्त कर राज्य में सुरक्षा, स्थिरता और विकास का नया वातावरण तैयार करेगी। गंगोत्री से गंगासागर तक कमल निशान और भगवा पहचान आज राष्ट्रवाद, विकास और जनविश्वास का प्रतीक बन चुकी है।