पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत महल के गांव कोट में महिला मंडल के स्नेहिल निमंत्रण पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने महिला मंडल को आवश्यक सामग्री भेंट करने के साथ-साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के दौरान तीन जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान कर जनसेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल की बहनों ने अपने सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक सामग्री की मांग रखी। इस पर नरेश कुमार दर्जी ने महिला मंडल को 20 कुर्सियां, 10 गद्दे, 2 बड़े गैस चूल्हे (भट्ठियां), ढोलक एवं चिमटा भेंट किए। उन्होंने कहा कि महिला मंडल ग्रामीण समाज की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की आधारशिला हैं तथा मातृशक्ति को सशक्त बनाना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इसके उपरांत डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के दौरान नरेश कुमार दर्जी ने गांव के तीन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से मुलाकात की। उनकी परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने श्रीमती कुसुम लता (पत्नी श्री रवि कुमार), श्रीमती बीना देवी (पत्नी श्री हेमराज) तथा श्रीमती प्रमिला देवी (पत्नी श्री अमरजीत) को ₹10,000-₹10,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस प्रकार कुल ₹30,000 की सहायता देकर उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि उनके लिए जनसेवा केवल सार्वजनिक जीवन का दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति एक नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा का प्रत्येक परिवार उनके अपने परिवार के समान है और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति कठिन समय में स्वयं को अकेला महसूस न करे, यही उनका संकल्प है।
उन्होंने महिला मंडल की सभी सदस्यों एवं ग्रामवासियों का स्नेह और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग और विकास का लाभ पहुंचाना ही उनके सार्वजनिक जीवन का उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी वे इसी समर्पण और सेवा भाव के साथ जनहित के कार्यों में सक्रिय रहेंगे।