भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर द्वारा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में जिले के सभी 10 मंडलों के मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों तथा विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षों और महामंत्रियों के लिए एक दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यशाला मट्टनसिद्ध में आयोजित की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देसराज शर्मा, प्रदेश सोशल मीडिया सह-संयोजक अनिल धीमान, जिला महामंत्री अजय रिंटू तथा राजेश सहगल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक बैठकों के कार्यवाही रजिस्टर को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संधारित करने के संबंध में पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करना था, ताकि संगठन की प्रत्येक बैठक, निर्णय एवं गतिविधि का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण हो सके और भविष्य में आवश्यक संदर्भ के रूप में उसका उपयोग किया जा सके।
बैठक के दौरान जिले के सभी मंडलों की अब तक की संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा भी की गई। विशेष रूप से डिजिटल प्रशिक्षण अभियान, एक पेड़ माँ के नाम अभियान सहित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों की प्रगति का विश्लेषण किया गया तथा आगामी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिले भर में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। इसके अतिरिक्त 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक आयोजित होने वाले संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष समारोह के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न स्तरों पर उनकी सफल क्रियान्विति सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि जिले के सभी 532 बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण कराया जाएगा तथा प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक सहभागिता के साथ इस कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सभी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों एवं अभियानों को पूरी प्रतिबद्धता, अनुशासन और सक्रियता के साथ धरातल पर उतारें तथा प्रत्येक गतिविधि का सुव्यवस्थित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करें, जिससे संगठनात्मक कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बन सके।