भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर द्वारा संगठन के प्रारंभिक दौर में पार्टी को मजबूत आधार प्रदान करने वाले 80 एवं 90 के दशक के सक्रिय कार्यकर्ताओं का घर-घर जाकर सम्मान किया गया। इस विशेष अभियान के माध्यम से उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान, समर्पण एवं संघर्ष को नमन किया गया, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अथक परिश्रम किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, भोरंज मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर सहित भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर उनका अभिनंदन किया तथा उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने रुठवाणी, पट्टा तथा लठवां गांवों में पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं अश्वनी कुमार, जोगिंदर मल्होत्रा, देवराज भुजिया वाले, सत्या देवी एवं प्यार चंद सहित अन्य पुराने कार्यकर्ताओं से आत्मीय भेंट की। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने संगठन के शुरुआती दिनों के संघर्ष, जनसंपर्क अभियानों तथा उस दौर में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों से जुड़े अनेक प्रेरणादायी अनुभव भी साझा किए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी जिस मजबूत संगठनात्मक स्वरूप में देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में खड़ी है, उसकी नींव उन समर्पित कार्यकर्ताओं ने रखी थी जिन्होंने संसाधनों के अभाव में भी निष्ठा, त्याग और समर्पण के साथ संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संगठन का नैतिक दायित्व है। भाजपा अपने प्रत्येक वरिष्ठ कार्यकर्ता के योगदान का सदैव सम्मान करती रहेगी और नई पीढ़ी को उनके संघर्ष एवं संगठन के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगी।
पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार उसके कार्यकर्ता होते हैं। जिन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कठिन समय में पार्टी का ध्वज बुलंद रखा, उनके त्याग और तपस्या के कारण ही आज भाजपा देशभर में जनविश्वास का प्रतीक बनी है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान कार्यक्रम संगठनात्मक संस्कारों को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपने वरिष्ठों के अनुभवों से सीखने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
सम्मान कार्यक्रम के उपरांत भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। उपस्थित नेताओं ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए इसे सामाजिक दायित्व बताया।