भरेड़ी बाजार में स्थानीय लोगों ने किया आत्मीय स्वागत, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

बैलग से तत्ताहर सड़क निर्माण का अनुराग सिंह ठाकुर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता में कोई भी समझौता किए बिना जनता के हितों का ध्यान रखने के दिए निर्देश

भरेड़ी बाजार में स्थानीय लोगों ने किया आत्मीय स्वागत, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन बैलग से तत्ताहर सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर उपस्थित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सड़क निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौके पर एकत्रित हुए और उन्होंने अनुराग सिंह ठाकुर के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही संवाद कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता उच्चतम स्तर की होनी चाहिए और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय निवासियों की सुविधाओं और समस्याओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उनकी जायज चिंताओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके पश्चात भरेड़ी बाजार में स्थानीय लोगों द्वारा अनुराग सिंह ठाकुर का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद किया, उनकी जनसमस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों से बातचीत कर समाधान की दिशा में पहल की। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इसके उपरांत अनुराग सिंह ठाकुर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिला बिलासपुर में निर्धारित आगामी कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।