भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपनी विकासहीन कार्यशैली को छिपाने के लिए झूठे प्रचार और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके समर्थक विधायक हमीरपुर मेडिकल कॉलेज का श्रेय लेने की होड़ में लगे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि वर्ष 2014 में केवल एक एमओयू पर हस्ताक्षर करने के अलावा कांग्रेस सरकार इस परियोजना के लिए न तो पर्याप्त बजट उपलब्ध करा सकी और न ही इसे आगे बढ़ाने की कोई गंभीर पहल कर सकी।
बन्याल ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को वास्तविक स्वरूप दिलाने का श्रेय पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के निरंतर प्रयासों, प्रभावी पैरवी और केंद्र सरकार के सहयोग को जाता है। उन्होंने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर ने इस परियोजना को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि इसे स्वीकृति दिलाने, आवश्यक वित्तीय सहयोग सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए। आज जिस मेडिकल कॉलेज का लाभ हमीरपुर और आसपास के हजारों लोग प्राप्त कर रहे हैं, वह भाजपा सरकार की विकासोन्मुखी सोच और अनुराग सिंह ठाकुर की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि 1 मार्च 2014 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेज के संबंध में केंद्र सरकार के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, लेकिन इसके कुछ ही दिनों बाद 5 मार्च 2014 को लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। यदि कांग्रेस वास्तव में इस परियोजना को लेकर गंभीर होती तो इसके लिए पहले से बजटीय प्रावधान, प्रशासनिक तैयारी और कार्यान्वयन की स्पष्ट योजना बनाई जाती। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ, जिससे स्पष्ट है कि यह कदम केवल चुनावी माहौल में राजनीतिक संदेश देने तक सीमित था।
विक्रमजीत सिंह बन्याल ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी का सबसे बड़ा उदाहरण स्पाइस पार्क का मामला है। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने हमीरपुर में स्पाइस पार्क स्थापित कर किसानों और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया था। सरकार बने लगभग चार वर्ष होने को हैं, लेकिन आज भी यह परियोजना धरातल पर कहीं दिखाई नहीं देती। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि आखिर वह बहुप्रचारित स्पाइस पार्क कब बनेगा और किसानों को उसका लाभ कब मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि 5 मार्च 2014 को ही तत्कालीन कांग्रेस नेता एवं वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के बड़ा में स्पाइस पार्क का उद्घाटन कर इसे अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताया था। आज बारह वर्ष बाद भी यह परियोजना केवल घोषणाओं और औपचारिकताओं से आगे नहीं बढ़ सकी। यदि कांग्रेस मेडिकल कॉलेज के मामले में केवल एमओयू के आधार पर श्रेय लेने का प्रयास कर सकती है, तो उसे यह भी बताना चाहिए कि उसके अपने ड्रीम प्रोजेक्ट स्पाइस पार्क का अस्तित्व आखिर आज कहां है।
बन्याल ने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं को दूसरों के कार्यों का श्रेय लेने के बजाय अपनी सरकार के अधूरे वादों और विफलताओं पर जवाब देना चाहिए। प्रदेश की जनता अब खोखली घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले विकास कार्यों से सरकार का मूल्यांकन कर रही है। उन्होंने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर के विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक परियोजनाएं दिलाईं, जबकि कांग्रेस सरकार का अधिकांश समय केवल श्रेय लेने और झूठा प्रचार करने में व्यतीत हुआ है।