भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर द्वारा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में भोरंज स्थित सन स्काई होटल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे तथा उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली एवं अशोक ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्चना चौहान, भोरंज व समीरपुर मंडलों के महामंत्री, अजय घायल शर्मा सहित जिला भर के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विजय अग्निहोत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका एकात्म मानववाद दर्शन भारतीय राजनीति को नैतिक दिशा देने वाला विचार है। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी ने राजनीति को सेवा, संवेदनशीलता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की परिकल्पना प्रस्तुत की। उनके अनुसार पंडित दीनदयाल का चिंतन आज भी प्रासंगिक है और भाजपा की नीतियों का मूल आधार बना हुआ है।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि भाजपा उनकी शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उपाध्याय जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को मजबूत करें।
एक अन्य कार्यक्रम के अंतर्गत हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का केंद्रीय बजट 2026 महिला मोर्चा संवाद कार्यक्रम भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बस्सी में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना चौहान, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंजना ठाकुर तथा बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में पायल वैद्य ने केंद्रीय बजट 2026 की सकारात्मक विशेषताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि यह बजट महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और समावेशी विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजनाओं, कौशल विकास, स्टार्ट-अप समर्थन, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह बजट ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमी महिलाओं को नई आर्थिक शक्ति प्रदान करेगा। साथ ही शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और वित्तीय समावेशन पर दिया गया जोर देश की महिलाओं को मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी का अवसर देगा।